झाँसी। अक्षय जन सेवा समिति द्वारा समिति कार्यालय में मेहंदी एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं एवं युवतियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हेमंत कुशवाहा रहे। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि आज के समय में हुनर ही व्यक्ति की सबसे बड़ी ताकत है। मेहंदी और ब्यूटी पार्लर जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाएं घर से ही अपना काम शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने समिति द्वारा महिलाओं को कौशल विकास से जोड़ने के प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष सविता पचौरी ने कहा कि महिलाओं को केवल आत्मनिर्भर बनाने की बात करने के बजाय उन्हें रोजगार से जुड़ा हुनर उपलब्ध कराना जरूरी है। मेहंदी और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण महिलाओं के लिए स्वरोजगार का बेहतर माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं अपने हुनर को आगे बढ़ाएं और स्वयं के साथ अन्य महिलाओं को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करें। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अक्षय जन सेवा समिति आगे भी समाज के जरूरतमंद वर्गों को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेगी।
प्रमाण-पत्र पाकर प्रशिक्षणार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। महिलाओं ने समिति पदाधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने और स्वरोजगार शुरू करने का आत्मविश्वास मिला है।
कार्यक्रम के दौरान संजीव कुशवाहा, रिंकी कुशवाहा, बबली कुशवाहा, सचिन कुशवाहा, नेंसी कुशवाहा, प्रथम शाक्या, मोहिनी पाल, सिया कुशवाहा, कमलेश कुशवाहा, रितिका कुशवाहा, राहुल आदि लोग मौजूद रहे.
