झांसी –जिले के गरौठा विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खेतों में पानी भरने और फसलें जलमग्न होने के कारण मूंगफली, उड़द, तिल सहित अन्य खरीफ फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान होने का दावा किया गया है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
गरौठा क्षेत्र में पिछले दिनों हुई अत्यधिक बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। लगातार बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया, जिससे कई स्थानों पर फसलें खराब और बर्बाद होने की स्थिति में पहुंच गई हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने मेहनत और पूंजी लगाकर फसल तैयार की थी, लेकिन प्राकृतिक आपदा के चलते उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इसी समस्या को लेकर समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिषेक यादव (प्रज्ज्वल) ने उपजिलाधिकारी गरौठा को ज्ञापन देकर किसानों की ओर से मांग उठाई। पत्र के माध्यम से प्रशासन से क्षेत्र में राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम भेजकर फसलों का तत्काल स्थलीय सर्वे कराने की मांग की गई है।
मांग की गई है कि प्रत्येक प्रभावित किसान की फसल क्षति का निष्पक्ष और पारदर्शी आकलन कराया जाए। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार शीघ्र उचित मुआवजा और क्षतिपूर्ति दिलाई जाए।
वहीं जिन किसानों की फसल का बीमा है, उन्हें फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग भी की गई है। साथ ही प्रभावित किसानों को सरकारी सहायता एवं अन्य अनुमन्य राहत तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
लगातार बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं। हमारी मांग है कि तत्काल सर्वे कराया जाए और पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं फसल बीमा का लाभ दिलाया जाए।
फिलहाल किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द फसल क्षति का सर्वे कराएगा और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराएगा।
