झांसी- जिले के गरौठा क्षेत्र के ग्राम बंगरा में बजरंगबली मंदिर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रांगण में कीर्तन और भजनों की शानदार प्रस्तुति हुई। जैसे ही भजनों के बीच “जय हो कृष्ण कन्हैया की, जय हो नंद गोपाल” के जयकारे गूंजे, श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर का माहौल भक्तिमय हो गया।
वहीं टीम बजरंगबली कमेटी की ओर से मुखिया मिजाजी, दीपू, संजू यादव, यादवेंद्र, अरुण, वीरेंद्र यादव और मुन्नालाल द्वारा जवाबी कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे।
कार्यक्रम का संचालन शत्रुघ्न यादव ने किया। उन्होंने कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाते हुए श्रद्धालुओं और आयोजन समिति का उत्साह बढ़ाया।
कृष्ण जन्माष्टमी के इस धार्मिक आयोजन में समस्त ग्रामवासी मौजूद रहे और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
बंगरा में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी का यह कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का संगम रहा, जहां पूरा गांव कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
