बंगरा (झांसी)। नेशनल फोर लेन हाईवे पर बंगरा के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार और बारिश के कारण एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और कई पलटे खाते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि उसमें सवार दोनों युवक सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के पन्ना निवासी अरुण प्रताप और राजेंद्र बुंदेला किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झांसी जा रहे थे। बताया गया कि वे अपनी बहन के यहां आयोजित त्रयोदशी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार से निकले थे। जैसे ही उनकी कार बंगरा क्षेत्र के फोर लेन हाईवे पर पहुंची, उसी दौरान तेज बारिश के बीच चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बंगरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक जांच में दोनों को मामूली चोटें आने की पुष्टि हुई, जिसके बाद प्राथमिक उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार अधिक होने और बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी होने से यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
समय रहते राहत एवं बचाव कार्य होने से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने वाहन चालकों से बारिश के दौरान सावधानी बरतने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।
