झांसी। थाना लहचूरा क्षेत्र अंतर्गत मऊरानीपुर-गरौठा रोड पर ग्राम लारौनी के मोड़ पर सड़क दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पीआरवी 5723 द्वारा प्राप्त होने पर कार्यभार प्रभारी उपनिरीक्षक मोतीलाल पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर अंकित अहिरवार (22 वर्ष), पुत्र बृजेन्द्रमाते, नरेंद्र अहिरवार (24 वर्ष), पुत्र संतोष अहिरवार, निवासी ग्राम इटायल थाना लहचूरा तथा सिद्धशरण नायक (57 वर्ष), पुत्र हरदयाल नायक, निवासी ग्राम बम्हौरी थाना लहचूरा घायल अवस्था में पड़े मिले।
पुलिस द्वारा घायल अंकित अहिरवार एवं नरेंद्र अहिरवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर में भर्ती कराया गया, जहां बाद में उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं सिद्धशरण नायक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें उपचार हेतु झांसी लेकर रवाना हुए।
