गुरसरांय (झांसी)। विकासखण्ड अंतर्गत आने वाले ग्राम अस्ता में बुंदेलखंड की गौरवशाली लोक संस्कृति और परंपरा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहाँ आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध ‘मोनिया नृत्य’ की शानदार प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। सिर पर मोरपंख,पारंपरिक धोती-कुर्ता और पैरों में घुंघरू बांधे मोनिया नर्तकों की टोली जब मैदान में उतरी, तो ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया। ढोलक, मंजीरा और नगड़ियों की तेज लय व बुंदेली लोकगीतों की धुन पर थिरकते कलाकारों की ऊर्जा ने पूरे माहौल को भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना दिया, जिससे वहां मौजूद लोग भी झूमने को मजबूर हो गए। इस पारंपरिक नृत्य को देखने के लिए ग्राम आस्ता सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे एकत्रित हुए। कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्याम सिंह अस्ता ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध बुंदेली विरासत और लोक कलाओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। इस दौरान जगपाल सिंह मुंशी हरिसिंह, नेपात, लक्ष्मीराम पाल,रणधीर सिंह, राजाराम अहिरवार, दीनदयाल, लल्ला डिकोली आदि ने मोनिया नृत्य दिखाकर लोगों को भाव विभोर कर दिया।
