सिमरधा / गरौठा। सिमरधा कृषि विद्युत फीडर की लगातार लड़खड़ा रही विद्युत आपूर्ति से आक्रोशित किसानों का आंदोलन तीसरे दिन भी जारी रहा। ऋषि विश्वामित्र एफपीओ के बैनर तले किसानों ने नरसिंह मंदिर प्रांगण में क्रमिक अनशन जारी रखा।
किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए आज अधिशासी अभियंता ब्रजभान सिंह, उपखंड अधिकारी संजय कुमार, अवर अभियंता सुभाष कुमार और संविदा कर्मी अंकित रावत धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को विद्युत आपूर्ति का नया रोस्टर सौंपा और चौबीस घंटे में बीस घंटे बिजली आपूर्ति का वादा किया। उन्होंने बताया कि सिमरधा कृषि फीडर से जुड़े गांवों को दो भागों में बांटकर अलग-अलग समय पर बिजली दी जाएगी। किसानों ने नए रोस्टर पर सहमति तो जता दी, लेकिन अनशन समाप्त करने से साफ इनकार कर दिया। किसानों का कहना है कि यह लड़ाई अब आर-पार की है और जब तक फीडर की विद्युत सप्लाई का स्थाई समाधान नहीं होता, तब तक क्रमिक अनशन जारी रहेगा।
पांच साल से जूझ रहे हैं किसान
किसानों का आरोप है कि यह समस्या पिछले पांच वर्षों से चली आ रही है। पलेवा के समय समस्या और भी जटिल हो जाती है, जिससे न तो समय पर पलेवा हो पाता है और न ही बुवाई। किसानों ने कहा कि साल भर में सिर्फ चार महीने ही कृषि कार्य के लिए बिजली की जरूरत पड़ती है, वह भी समय पर नहीं मिलती। कृषि कार्य के लिए निर्धारित दस घंटे की बिजली किसानों के साथ सबसे बड़ा धोखा है।
नए पावर हाउस का वादा
इस पर अधिशासी अभियंता ब्रजभान सिंह ने सिमरधा में नया पावर हाउस बनाने का वादा किया, जिसके लिए उन्होंने किसानों से एक बीघा जमीन उपलब्ध कराने की अपील की। मौके पर मौजूद प्रधान प्रतिनिधि लल्ला राजपूत ने पंचायत की ओर से जल्द जमीन देने का आश्वासन दिया।
क्रमिक अनशन में किसान यूनियन प्रधान संघ के जिला सचिव लल्ला राजपूत, एफपीओ संचालक प्रहलाद राजपूत, अजीत कुमार लोधी, झुंडनलाल राजपूत, निर्भय अध्यापक, प्रधान प्रतिनिधि भानुप्रताप राजपूत बृजेंद्र शर्मा, बालकदास राजपूत निमगहना, संजय शर्मा पुरा, किशोरी भाई हरनाथ राजपूत, करन राजपूत, मूलचंद राजपूत मदन राजपूत, सुबराती खान, शंकर राजपूत सहित भगवान सिंह राजपूत सूर्यप्रताप यादव राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।
