गुरसरांय (झांसी)। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य करने वाली ब्रज गोपाल कंपनी (बीजीसी) में मजदूरी करने वाले एक युवक की रविवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम भसनेह निवासी भरत शरण पुत्र शंकर लाल उम्र लगभग 32 वर्ष के रूप में हुई है। युवक की अचानक मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,भरत शरण ग्राम बिजौरा में कंपनी के अंतर्गत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। रविवार दोपहर करीब 1:00 बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय ले जाया गया,जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रवि अनुरागी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।युवक की मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण से हुई, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।भरत शरण की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित जांच पर टिकी हैं, जिनसे युवक की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
