समथर (झांसी) नगर व ग्रामीण क्षेत्र में उमड़ा आस्था का सैलाब मंदिरों से लेकर घर घर में श्रद्धालुओं ने हृदय भाव से पूजा अर्चना कर की मां दुर्गा की सेवा आरंभ। समथर नगर में नवरात्रि पर्व के प्रथम दिन रविवार को सुबह से ही किले के प्रांगण में विराजमान शीतला माता, कामाख्या मंदिर व नगर के काली मंदिर सुखदेनी, गायत्री आदि मंदिरों में आस्था का दृश्य देखने को मिला।सुवह से मंदिरों में माताओं वहिनों एवं श्रद्धालुओं की जल चढ़ाने को कतार लगी रही। श्रद्धालुओं ने मां को जल चढ़ाकर व पूजा अर्चना कर सेवा आरंभ की और नौ दिन के वृत आरंभ किए। वहीं मां के श्रद्धालुओं ने घरों में मां का दरवार सजाकर जबारो के घट खप्पर बोए और पूजा अर्चना एवं आरती कर सेवा आरंभ की। वहीं पांडालों में मां शेरावाली की प्रतिमा को विराजमान कर सेवा करने वाले नगर के भक्त मंडल कमेटी के कार्यकर्ताओं ने पं शास्त्री द्वारा पूजा अर्चना करवाकर सेवा आरंभ की।श्रद्धालु भक्त दुर्गा मां की अपनी अपनी मूर्तियों को गा बजाकर लाये और पंडित शास्त्रियों द्वारा विधिपूर्वक वैदिक मंत्रों द्वारा पूजा अर्चना एवं आरती करवाई। और मां का जयकारा लगाकर सेवा आरंभ की। मंदिरों, पांडालों से लेकर घर घर में नवरात्रि पर्व के प्रथम दिन मां शैलपुत्री स्वरूप में आरती की गई। मां के दरबार में उपस्थित माताओं वहिनों व श्रद्धालुओं ने प्रेम सहित मां का जयकारा लगाया और चरण वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिरों से लेकर सभी जगह मां के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा।सारा नगर मां के जयकारों से गुंजायमान हो गया।
