गुरसरांय (झांसी)। विकासखण्ड गुरसरांय अंतर्गत साधन सहकारी समिति भसनेह में इन दिनों खाद की किल्लत के चलते किसान परेशान हैं। खाद लेने के लिए सुबह से ही किसान और महिलाएं समिति परिसर में पहुंचकर लंबी कतारों में खड़े हो रहे हैं। घंटों इंतजार के बाद भी कई किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है।किसानों का कहना है कि रबी की तैयारियों के बीच खाद की आवश्यकता बढ़ गई है। ऐसे में समिति पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप में किसान घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आते हैं।ग्रामीणों के अनुसार पिछले वर्ष भी समिति में खाद वितरण को लेकर अधिकारियों से शिकायत की गई थी। किसानों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने के कारण इस बार भी खाद को लेकर परेशानी बनी हुई है।किसानों ने जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग के अधिकारियों से भसनेह समिति में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने की मांग की है, ताकि किसानों को घंटों कतार में खड़े होकर परेशान न होना पड़े।
किसानों का कहना है कि समय से खाद उपलब्ध होने पर उन्हें अपनी फसल की बुवाई और कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी।
विभाग व प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल…?
गुरसरांय ब्लॉक और टहरौली तहसील के ग्राम भसनेह में खाद वितरण दौरान एक महिला किसान भारी भीड़ की चपेट में घबराकर मौके पर गिर गई और मौके पर अफरा तफरी भरा माहौल हो गया आनन-फाफन किसी प्रकार उक्त महिला किसान को बचाया जा सका तो दूसरी ओर कई किसान लाइन में अपने छोटे बच्चों को लादे दिखाई दिए आज जो खाद वितरण दौरान स्थिति देखी गई इसको लेकर विभाग से लेकर प्रशासन की मॉनिटरिंग और किसानों को सुचारू रूप से खाद उपलब्ध हो सके को लेकर कोई व्यवस्था न होना अपने में संबंधित विभाग से लेकर प्रशासन की गैर जिम्मेदारान कार्यशैली को लेकर सवाल पर सवाल उठ रहे हैं।वही सरकार की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है अब देखना है आने वाले समय में प्रशासन और शासन क्या व्यवस्था करता है।
