समथर झांसी:- अलग बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में जनसंपर्क किया गया। इस दौरान अलग राज्य निर्माण की मांग को लेकर लोगों से आंदोलन में सहयोग का आह्वान किया गया।
नगर पहुंचने पर चित्रगुप्त मंदिर में नगर एवं क्षेत्रवासियों ने मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय व रघुराज शर्मा,प्रदीप झा का फूलमालाओं से स्वागत किया। इसके बाद चित्रगुप्त मंदिर से मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस अग्गा बाजार,महाराजा राधाचरण सिंह चौराहा, पीपरी बस स्टैंड,नगर पालिका कन्या विद्यालय,पहाड़पुरा स्टेट नाका, कटरा बाजार, नागर चौराहा,अन्नपूर्णा बाजार,चौपड़ बाजार होते हुए चित्रगुप्त मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए। जगह-जगह तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर मोर्चा अध्यक्ष एवं उनके साथियों का स्वागत किया गया।
प्रभु श्रीराम को साक्षी मानकर तीन साल में राज्य बनाने का वादा किया था
मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय ने कहा कि प्रभु श्रीराम को साक्षी मानकर तीन साल के भीतर बुंदेलखंड राज्य बनवा देने का वादा किया गया था। तीन साल की जगह 12 साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक कार्यवाही प्रारंभ नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सत्तादल के जनप्रतिनिधियों द्वारा आवाज नहीं उठाई गई। इसी को लेकर उनके खिलाफ ‘तुम्हें प्रभु राम कौ कौल (कसम)’ अभियान शुरू किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि अलग बुंदेलखंड राज्य का शीघ्र निर्माण मोर्चे की प्रमुख मांग है। स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, सीएचसी एवं पीएचसी में रिक्त पदों को भरने तथा आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने,शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को सरकारी सहायता प्राप्त दर्जा देने, रिक्त पद भरने सहित विद्यालयों का जीर्णोद्धार कराने की बात कही।
उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र में E20 ईंधन के प्रयोग पर रोक लगाने, अवैध नर्सिंग होम से जुड़े भ्रष्टाचार की उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ केन-बेतवा परियोजना से विस्थापित लोगों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। परियोजना में भ्रष्टाचार की समयबद्ध जांच कराने की भी मांग रखी।
मांगों में प्रमुख रूप से बुंदेलखंड के किसानों के हिसाब से खेतों की सिंचाई के लिए किसानों के हिसाब से नहर मैं पानी चलाया जाये,मार्च क्लोजिंग के नाम पर किसानों का शोषण हो रहा है। किसानों को लाभ नहीं मिल रहा है। सरकार द्वारा ब्याज आदि योजनाओं की क्लोजिंग का फायदा मिले इसके लिए आखरी तारीख 30 जून की करें।
भानु सहाय ने बताया कि 21 अक्टूबर 2026 से बाबूसिंह यादव टहरौली पूर्व प्रधान के नेतृत्व में झांसी कचहरी के पास गांधी उद्यान में अनशन एवं सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। आंदोलन को गति देने के लिए जनजागरण अभियान चलाने तथा प्रधानमंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मांगों से संबंधित पत्र भेजे जाएंगे। उक्त अवसर पर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।
