झांसी। मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र के सकरार थाना अंतर्गत खिसनी खुर्द गांव में सरकारी राशन और खाद वितरण व्यवस्था को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। करीब 70 वर्षीय ग्रामीण दयाराम पुत्र पहलवान कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि राशन लेने के दौरान उनसे अंगूठा लगवाया गया और बाद में उनके नाम पर 12 बोरी डीएपी तथा 7 बोरी यूरिया खाद कोटेदार ने निकाल ली
बुजुर्ग ने मामले की शिकायत मुख्य विकास अधिकारी झांसी से करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, दयाराम 13 सितंबर 2026 को गांव के कोटेदार नंदकिशोर पुत्र रामदास कुशवाहा की सरकारी राशन की दुकान पर राशन लेने पहुंचे थे। उस समय कोटेदार की जगह उसका पुत्र सतेंद्र मौजूद था कोटेदार के पुत्र सत्येंद्र के नाम से प्राइवेट खाद वितरण दुकान गौरी खाद बीज भंडार कि दुकान है आरोप है कि सतेंद्र ने राशन देने के नाम पर बुजुर्ग का अंगूठा लगवाया। इसके बाद चावल लेने के लिए दोबारा अंगूठा लगवाने की बात कहकर फिर से अंगूठा लगवाया गया।
बुजुर्ग का आरोप है कि उन्हें केवल 10 किलो राशन दिया गया और वह अपने घर लौट आए। घर पहुंचने पर उन्होंने परिजनों को पूरी घटना बताई।
अगले दिन मामला उस समय और गंभीर हो गया, जब दयाराम खाद लेने साधन सहकारी समिति मंगरपुर पहुंचे। शिकायत में बताया गया है कि समिति के सचिव ने ।जानकारी दी कि उनके नाम से 12 बोरी डीएपी और 7 बोरी यूरिया का फिंगरप्रिंट लगाकर खाद पहले ही प्राप्त की जा चुकी है।
यह सुनकर बुजुर्ग के होश उड़ गए। उसने बताया कि वह राशन की दुकान पर केवल राशन लेने के लिए गया हुआ था और उसी के लिए अंगूठा लगाया था इसके बाद वह मामले की जानकारी लेने कोटेदार के घर पहुंचे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां कोटेदार और उसके पुत्र सतेंद्र ने उन्हें कथित तौर पर धमकाया। आरोप है कि मामले की जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को देने पर राशन कार्ड रद्द कराने की धमकी दी गई। शिकायत में गाली-गलौज और धक्का देने का भी आरोप लगाया गया है।
अब जांच में उठेंगे कई बड़े सवाल
यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि बुजुर्ग के नाम पर खाद का फिंगरप्रिंट किस स्तर पर दर्ज हुआ, खाद वास्तव में किसने प्राप्त की और राशन वितरण के दौरान लगाए गए अंगूठे का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया?
दयाराम ने मुख्य विकास अधिकारी झांसी को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने तथा सतेंद्र और धर्मेंद्र पुत्र नंदकिशोर के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
