झाँसी – पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन जागृति अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 14.09.2026 को क्षेत्राधिकारी टहरौली श्री रक्षपाल सिंह के नेतृत्व में थाना टहरौली क्षेत्र में “बहू-बेटी सम्मेलन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्थानों पर चौपाल लगाकर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया गया तथा उन्हें महिला सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला संबंधी अपराधों से बचाव, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ एवं उत्पीड़न की स्थिति में की जाने वाली कार्यवाही के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के संबंध में जागरूक किया गया।
इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला हेल्पलाइन एवं कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या, हिंसा अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी भय या संकोच के तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए पुलिस द्वारा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।
