झांसी – दिनांक 8 सितंबर 2026 आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत जनपद झांसी में पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत उपलब्ध सामाजिक आर्थिक जातीय जनगणना सूची – 2011 के अनुसार जनपद में 181078 परिवारों के सापेक्ष 163361 (90 प्रतिशत से अधिक) लक्षित परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से आच्छादित किया जा चुका है। शेष पात्र परिवारों को भी योजना से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं। जनपद में 751070 लक्षित लाभार्थियों के सापेक्ष 537108 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जो कि 71.51% है। वर्तमान में सीएमओ कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध है। पात्र लाभार्थी निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना पात्र परिवारों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है। योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को सूचीबद्ध चिकित्सालयों में उपचार की सुविधा प्राप्त होती है। जनपद में 15 सरकारी चिकित्सालय एवं 70 निजी चिकित्सालयों को योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया है। इसलिए जिन पात्र परिवारों के सदस्यों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, वे अपना कार्ड अवश्य बनवाएं और योजना का लाभ प्राप्त करें। आयुष्मान भारत- प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत एसईसीसी सूची 2011, अंत्योदय कार्ड धारक, पात्र गृहस्थी- (1)ऐसे राशन कार्ड धारक जिसमें सदस्यों की संख्या 6 अथवा 6 से अधिक हो, (2) ऐसे राशन कार्ड धारक जिसमें सभी सदस्यों की आयु 60 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो, 70 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके लाभार्थी, बीओसीडब्ल्यू श्रमिक एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना इन 6 श्रेणियों में पात्रता धारण करने वाले व्यक्तियों को योजना से आच्छादित किया गया है। सीएमओ ने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवाएं तथा योजना से सम्बन्धित जानकारी के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अथवा स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें। वर्तमान में 7 सितंबर 2026 से चलाए जा रहे विशेष अभियान में विगत 2 दिवसों में 608 गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह अभियान 11 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद में आयुष्मान भारत योजना की सेवाओं के संबंध में लोगों को जागरूक करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है, जिससे कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
