रसोइयों को ₹5 लाख का मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा बीमा एवं ₹2 लाख तक दुर्घटना बीमा का लाभ
झांसी – आज रसोइया सम्मान समारोह का आयोजन समस्त तहसीलों के साथ जनपद मुख्यालय स्थित दीनदयाल सभागार में किया गया। कार्यक्रम में रमा निरंजन, सदस्य विधान परिषद, राजीव सिंह पारीछा, विधायक बबीना तथा पवन कुमार गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष बतौर अतिथि सहित जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सुब्बनवाड कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में रसोइयों ने प्रतिभाग किया तथा मुख्यमंत्री जी के संबोधन को सुना।
मा0 मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में ₹1,000 की वृद्धि किए जाने के उपरांत अब उन्हें ₹3,000 मासिक मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक के साथ किए गए अनुबंध के तहत ₹2 लाख तक के दुर्घटना बीमा का प्रावधान किए जाने पर रसोइयों ने हर्ष व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा रसोइयों को ₹5 लाख के मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा बीमा के प्रतीकात्मक कार्ड तथा बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। अतिथियों ने मध्यान्ह भोजन योजना में रसोइयों के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराना उनकी शिक्षा एवं स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। रसोइयों द्वारा बच्चों को स्वच्छ एवं पोषक भोजन उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत की जा रही है। उन्होंने रसोइयों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने मध्यान्ह भोजन में सहजन एवं मशरूम के प्रयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे बच्चों को स्वादिष्ट भोजन के साथ-साथ आवश्यक पोषक तत्व भी प्राप्त होंगे। उन्होंने रसोइयों से स्वच्छता एवं गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए बच्चों को सुरुचिपूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गौड़ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए रसोइयों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन अनिरुद्ध रावत एवं नवीन दुबे ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ब्रह्म नारायण श्रीवास्तव, उपेंद्र सिंह, अंतिमा सिंह, रत्नेश त्रिपाठी, रमेश चंद पहारिया, राज बहादुर सिंह, प्रीति सिंह, राघवेंद्र सिंह एवं वैशाली बिरला का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में अजय राय, गौरव तिवारी, सुमित, विवेक, अजय, सौरभ श्रीवास्तव, मधुर विजय एवं श्री वृंदावन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
