झाँसी। जन्मजात कटे होंठ एवं तालु की समस्या से पीड़ित मरीजों को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झाँसी में एक बार फिर निःशुल्क सर्जिकल शिविर का आयोजन किया जा रहा है।यह शिविर श्रीमती पूनम शर्मा के वीरांगना फाउंडेशन, ऑपरेशन स्माइल इंडिया एवं महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत 30 अगस्त 2026 को लगभग 120 मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके पश्चात 1 सितंबर से 6 सितंबर 2026 तक लगभग 75 से 80 मरीजों की निःशुल्क सर्जरी प्रस्तावित है। अब तक लगभग 60–65 मरीजों का पंजीकरण एवं चिन्हांकन किया जा चुका है। ये मरीज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान के लगभग 15–17 जिलों से हैं।
फरवरी 2024 में मिली थी बड़ी सफलता
इससे पूर्व फरवरी 2024 में आयोजित सर्जिकल शिविर में 220 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई थी, जिसमें 113 मरीजों की सफल सर्जरी की गई। इस शिविर में 16 देशों के 32 चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी थीं।पिछले शिविर की सफलता और मरीजों की आवश्यकता को देखते हुए इस बार भी बड़े स्तर पर इस सेवा अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
10 देशों से आएंगे अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ
इस बार शिविर में Mexico, Peru, USA, Congo, Netherlands, UK, Canada, Australia, Malawi एवं Philippines से अंतरराष्ट्रीय चिकित्सक एवं नर्सिंग वॉलंटियर्स सहभागिता करेंगे।अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं चिकित्सा टीम के सहयोग से मरीजों की स्क्रीनिंग, उपचार एवं सर्जरी की जाएगी।
मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार के साथ आने जाने और ठहरने की निःशुल्क व्यवस्था
शिविर में पात्र मरीजों को निःशुल्क जाँच, ऑपरेशन, आवश्यक दवाइयाँ एवं अन्य चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए सांसद श्री अनुराग शर्मा जी द्वारा आने जाने की की निःशुल्क व्यवस्था के साथ ही मेडिकल में संचालित धर्मशाला में निःशुल्क रहने एवं ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इलाज के साथ रहने का अतिरिक्त भार न पड़े।
झाँसी एवं बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण पहल
इस अवसर पर सांसद श्री अनुराग शर्मा ने कहा कि जन्मजात कटे होंठ एवं तालु की समस्या से प्रभावित बच्चों को बेहतर जीवन और आत्मविश्वास प्रदान करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण कोई बच्चा उपचार से वंचित न रहे, इसी भावना के साथ यह सेवा अभियान आयोजित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों का झाँसी आकर मरीजों की सेवा करना पूरे बुंदेलखंड के लिए गौरव की बात है। ऐसे सेवा अभियानों को आगे भी निरंतर बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने वीरांगना फाउंडेशन, ऑपरेशन स्माइल इंडिया, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, देश-विदेश से आने वाले चिकित्सकों एवं नर्सिंग वॉलंटियर्स के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
जनसामान्य से अपील
ऐसे सभी अभिभावक जिनके बच्चे जन्मजात कटे होंठ या तालु की समस्या से पीड़ित हैं, वे इस निःशुल्क शिविर का लाभ उठाएं। समाज के लोग भी अपने आसपास ऐसे जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों को शिविर की जानकारी देकर उन्हें उपचार के लिए प्रेरित करें।
उद्देश्य स्पष्ट है—आर्थिक अभाव किसी बच्चे की मुस्कान और बेहतर भविष्य के रास्ते में बाधा न बने।
प्रमुख जानकारी
· स्क्रीनिंग: 30 अगस्त 2026
प्रस्तावित सर्जरी: 1 सितंबर से 6 सितंबर 2026
स्क्रीनिंग लक्ष्य: लगभग 120 मरीज
प्रस्तावित सर्जरी: लगभग 75–80
अब तक पंजीकृत/चिन्हित: लगभग 60–65 मरीज
मरीजों के क्षेत्र: उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान के लगभग 15–17 जिले
अंतरराष्ट्रीय सहभागिता: 10 देश
उपचार: निःशुल्क
मरीजों एवं परिजनों के लिए ठहरने की व्यवस्था: निःशुल्क धर्मशाला
स्थान:
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी
