झांसी – दि. 17 अगस्त 2026 स्वास्थ्य विभाग झांसी द्वारा जनपद के सभी सरकारी विद्यालयों, सहायता प्राप्त विद्यालयों एवं मदरसों में 18 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के (5 वर्ष से 10 वर्ष तक) बच्चों को मीजिल्स-रूबेला वैक्सीन लगाए जाने हेतु “विशेष मीजिल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान” आयोजित किया जा रहा है, यह जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि मीजिल्स-रूबेला संक्रामक बीमारी से बचाव हेतु नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 9 माह एवं 16 माह पर बच्चों को एम-आर वैक्सीन की डोज लगाई जाती है। नियमित सत्रों में टीका न लगवाने वाले छूटे हुए बच्चों के लिए वर्तमान में झांसी सहित राज्य के 45 जनपदों में विशेष अभियान के अंतर्गत सभी 5 से 10 वर्ष आयु के बच्चों को मीजिल्स-रूबेला की वैक्सीन लगाई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि नियमित सत्रों में मीजिल्स-रूबेला का टीका न लगवाने वाले माता-पिता को अपने 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों का अभियान के दौरान टीकाकरण अवश्य कराना चाहिए। अभिभावक विद्यालय में जानकारी कर टीकाकरण सत्र वाले दिन बच्चों को विद्यालय अवश्य भेजें, जिससे बच्चों को मीजिल्स-रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित किया जा सके। टीकाकरण सम्बन्धी अन्य जानकारी हेतु नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर ने बताया कि जनपद झांसी सहित 45 जनपदों में फरवरी 2026 में प्रथम चरण के अंतर्गत विद्यालयों में यह अभियान चलाया जा चुका है। माह फरवरी 2026 में चलाए गए अभियान में 31964 बच्चों को एम-आर का टीका लगाया गया था। विगत फरवरी अभियान में छूटे रह गए बच्चों के लिए दिनांक 18, 20, 21, 24, 25, 27 एवं 28 अगस्त 2026 को विद्यालयों में यह अभियान चलाकर टीकाकरण किया जाएगा। मीजिल्स-रूबेला अभियान के अंतर्गत 313 विद्यालयों में आयोजित किए जाएंगे। अभियान की दैनिक रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
