रिपोर्टर : नीलेश एन.के.डी.
मोंठ : क्षेत्र में बारिश की कमी से खेती पर मंडरा रहे संकट को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने उपजिलाधिकारी माज अख्तर को ज्ञापन सौंपकर किसानों के हित में त्वरित कार्रवाई की मांग की। तहसील अध्यक्ष मनोज बनरसिया के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने कहा कि पर्याप्त वर्षा न होने से धान समेत कई फसलें सूखने लगी हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका है। उन्होंने मोंठ तहसील को सूखाग्रस्त घोषित कर राहत पैकेज उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का पोर्टल खोले जाने की भी मांग उठाई गई, ताकि प्रभावित किसान समय रहते बीमा करा सकें। किसानों ने मोंठ पावरहाउस से समथर सब स्टेशन तक जर्जर विद्युत लाइन बदलवाने की मांग करते हुए कहा कि खराब तारों के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और सिंचाई प्रभावित होती है। इस दौरान भानु प्रताप, मेवालाल, दीपक, बालकिशन, विपिन, विनोद, विक्रम, गंधर्व, करन, गोविंद, यादवेन्द्र सहित कई किसान मौजूद रहे।
