झाँसी – आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 21.07.2026 को कलेक्ट्रेट सभागार, झाँसी में जिलाधिकारी झाँसी श्री गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति सहित जनपद के समस्त संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएँ समय से पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा अवांछनीय गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत गश्त, यातायात का सुचारु संचालन एवं सोशल मीडिया की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों द्वारा समन्वित रूप से कार्य करने का निर्णय लिया गया।
