समथर (झाँसी)। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा संचालित सेवा सप्ताह के अंतर्गत नगर समथर में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया । कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को जीवन, प्रकृति और पर्यावरण का आधार माना गया है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए वृक्षारोपण प्रत्येक नागरिक की सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल सेवा सप्ताह के माध्यम से समाज में सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना है।
कार्यकर्ताओं ने नगरवासियों से अपने घर, विद्यालय, मंदिर, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। साथ ही जल संरक्षण, स्वच्छता एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लेते हुए कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके।
इस अवसर पर जिला सहमंत्री भरत शरण नगाइच, नगर अध्यक्ष रोहित सविता, नगर कार्यवाह आरएसएस शिवम् नामदेव,जिला बलोपासना बजरंग दल पारस व्यास, प्रखंड सहमंत्री भगवती शंकर, नगर उपाध्यक्ष बबलू गुर्जर, नितिन गुप्ता, नगर प्रचार प्रमुख शुभम त्रिपाठी, नगर सहमंत्री दीपक नामदेव, नगर सहसंयोजक ऋतिक रायकवार, चंद्रशेखर बघेल, अनुज दुबे, सरनाम कुशवाहा, दीपक राना, रोहित दुबे, नितिन बसेडिया, कपिल कुरचानिया, दिलीप परिहार, राहुल पाल, तनय सोनी, पवन वर्मा, अनमोल साहू, सुपेन्द्र गुप्ता आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे!
