गुरसरांय(झांसी)। गुरसरांय थाना क्षेत्र के पायगा निवासी एक व्यक्ति ने अपने भाई की आत्महत्या के मामले में एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना गुरसरांय में तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कर्ज के नाम पर लगातार दबाव और धमकी दिए जाने से उसका भाई मानसिक तनाव में आ गया और अंततः आत्महत्या कर ली। पीड़ित सुरेश कुमार पुत्र काशीप्रसाद ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके भाई इन्द्रपाल (49), जो गुरसरांय थाने की पुलिया के पास कपड़ों की दुकान संचालित करते थे, के पास 21 जून को बरगांय अहीर निवासी रामनरेश यादव पुत्र जगत सिंह यादव पहुंचा। आरोप है कि उसने कहा कि सुरेश कुमार के पुत्र मयंक ने उससे लगभग 18 लाख रुपये उधार लिए हैं और अब यह रकम इन्द्रपाल को चुकानी होगी। विरोध करने पर कथित रूप से धमकी दी गई और तत्काल रुपये लौटाने का दबाव बनाया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस घटना के बाद इन्द्रपाल मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगे और अवसाद में चले गए। आरोप है कि लगातार बनाए गए दबाव के कारण उन्होंने 26 जून की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस संबंध में गुरसरांय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर मृतक के भाई सुरेश कुमार पुत्र काशीप्रशाद निवासी पायगा थाना गुरसरांय जिला झाँसी द्वारा दिये प्रार्थना पत्र के अनुसार रामनरेश यादव पुत्र जगत सिंह यादव ग्राम बरगाँय अहीर गुरसरांय झाँसी के विरुद्ध बीएनएस 108 धारा के तहत मुकदमा पंजीयन कर तेजी से कार्यवाही चालू कर दी है।
