झाँसी – कोटी गांव से नौवीं कक्षा का एक छात्र 24 घंटे से अधिक समय से लापता है। छात्र पंकज विश्वकर्मा, पुत्र प्रमोद विश्वकर्मा, मुरारी स्थित जेपी भार्गव स्कूल में पढ़ता है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत बबीना थाने में दर्ज कराई है।
रविंद्र विश्वकर्मा ने बबीना थाने में दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसका भतीजा पंकज अपने घर से दूसरे घर खाना देने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह 24 घंटे बीत जाने के बाद भी घर नहीं लौटा। गांव से बाहर जाते हुए वह कुछ सीसीटीवी कैमरों में बाइक पर कैद हुआ है।
जब पंकज घर नहीं पहुंचा, तो परिवार वालों ने उसे खोजना शुरू किया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने बबीना थाने में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की।
बबीना पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और छात्र की खोजबीन शुरू कर दी है। बैदोरा चौकी प्रभारी हिमांशु श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और तलाश जारी है।
