झांसी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “जन जागरूकता अभियान” के अंतर्गत दिनांक 10 जून 2026 को पारीछा बांध परिसर में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश के झांसी प्रखंड बेतवा नहर द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों एवं जनप्रतिनिधियों को बुन्देलखण्ड क्षेत्र में संचालित एवं पूर्ण की गई सिंचाई परियोजनाओं,जल संसाधन विकास कार्यों तथा विभागीय उपलब्धियों की जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर कृषकों को सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली,नहर संचालन व्यवस्था,जल प्रबंधन, जल संरक्षण तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंचाई विभाग झांसी के उपाध्यक्ष मनमोहन सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मुख्य अभियंता देवेश शुक्ला (केन-बेतवा परियोजना), मुख्य अभियंता राजेश मिश्रा (बेतवा परियोजना) एवं अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा सिंचाई विभाग के राजस्व कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।वक्ताओं ने उत्तर प्रदेश सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के गौरवशाली इतिहास, बुन्देलखण्ड में सिंचाई विकास की यात्रा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं पर प्रकाश डाला। किसानों को केन-बेतवा लिंक परियोजना, अर्जुन सहायक परियोजना, नहर पुनरोद्धार कार्यों, जल संरक्षण अभियानों एवं आधुनिक सिंचाई तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही क्षेत्र में संचालित एवं पूर्ण परियोजनाओं से किसानों को प्राप्त होने वाले लाभों से भी अवगत कराया गया।कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं कृषकों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रमुख रूप से कमलेश भार्गव प्रधान गढ़मऊ,मुहर सिंह राजपूत प्रधान जौरी,रिंकू कुशवाहा प्रधान चिरगांव देहात,राजेश पटेल प्रधान, सरसेड़ा, पुष्पेंद्र पटेल प्रधान, गढ़वई,आशाराम अहिरवार पूर्व अध्यापक,सूक्ता, रामनारायण पटेल सिंगार एवं कृषक प्रतिनिधि विवेक दुबे गढ़मऊ सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन सहायक अभियंता श्री मनीष चौधरी द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित किसानों एवं जनप्रतिनिधियों को विभाग द्वारा संचालित परियोजनाओं, नहर प्रणाली, जल प्रबंधन एवं जन जागरूकता अभियान के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा जल संरक्षण एवं उपलब्ध जल संसाधनों के समुचित उपयोग का आह्वान किया।कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं कृषकों द्वारा बेतवा मुख्य नहर के हेड से किलोमीटर 1.600 तक (कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग तक) जन जागरूकता पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के माध्यम से जल संरक्षण, नहरों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।अंत में उपस्थित किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे उपयोगी, ज्ञानवर्धक एवं जनहितकारी बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुआ।
