झाँसी । उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडेय ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार का असर उनके मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ा है, इसलिए वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर “करप्ट माउथ” जैसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें।
निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से सर्किट हाउस पहुंचे मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि जनता ने अखिलेश यादव को सत्ता से बाहर कर दिया है। जब वर्ष 2012 से 2017 तक उनकी सरकार थी, तब उन्हें जनता की समस्याएं नहीं दिखीं। उस समय उन्होंने अपने परिवार और घर का भला किया, लेकिन अब जनता की याद आने लगी है।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। अब किसी गरीब की जमीन पर कब्जा नहीं होता। उन्होंने कहा कि कुछ “भेड़िए” ऐसे हैं जो प्रदेश के विकास और विकास कार्यों में लगने वाले धन को नोंचना चाहते हैं, लेकिन अब जबरन वसूली नहीं हो सकती। इसी कारण कुछ लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे बयान आते रहेंगे, लेकिन सरकार उन्हें गंभीरता से नहीं लेती क्योंकि उनके पीछे की वजह सब जानते हैं।
सैफई में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के स्वागत और समाजवादी पार्टी नेताओं से उनकी मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह उनके चरणों में प्रणाम करते हैं। संत, गुरु और शंकराचार्य भारतीय परंपरा में सदैव सम्माननीय रहे हैं। ऐसे संत किसी एक व्यक्ति या दल के नहीं होते, उनका आशीर्वाद सभी को मिलता है।
उन्होंने कहा कि वह शंकराचार्य पर किसी प्रकार की टिप्पणी नहीं करेंगे और उन्हें विश्वास है कि गुरुजन परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य सोच-समझकर करते हैं।
मंत्री मनोज पांडेय ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले पार्टी की ओर से कहा जाता था कि सभी काम पंडित जी से पूछकर किए जाएंगे। बाद में अलग-अलग बयान सामने आए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को तय करना चाहिए कि उसका कौन सा बयान सही है।
शंकराचार्य के गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने के अभियान के समर्थन को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि गाय हमारे लिए माता है और माता ही रहेगी। उन्होंने कहा कि मां के स्वरूप और संबोधन के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।
मंत्री ने कहा, “गाय हमारी माता है। वह किसी भी रूप में हो, माता ही रहेगी। हम उसे किसी दूसरे नाम से स्वीकार नहीं कर सकते।”
मंत्री मनोज पांडेय शनिवार को करीब 12 गाड़ियों के काफिले के साथ सर्किट हाउस पहुंचे। वह केंद्र सरकार के कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए निकाली गई प्रचार गाड़ियों को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
