झांसी। बुंदेलखंड क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।
उन्होंने कहा कि पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर दिनांक 04 जून 2026 को भानु सहाय जी द्वारा किया गया प्रदर्शन पूर्णतः गांधीवादी एवं शांतिपूर्ण था। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और सरकार की नीतियों के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी न्यायोचित नहीं है।
कुंवर सत्येन्द्र पाल सिंह ने कहा कि यदि पुतला दहन को अपराध माना जा रहा है, तो पिछले तीन माह के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा किए गए पुतला दहन कार्यक्रमों में शामिल लोगों के विरुद्ध भी समान कार्रवाई होनी चाहिए थी। कानून का अनुपालन सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए, अन्यथा यह कार्रवाई पक्षपातपूर्ण मानी जाएगी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि लोकतांत्रिक मूल्यों एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए भानु सहाय जी को तत्काल रिहा किया जाए तथा पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को गंभीरता से सुना जाए।
