गुरसरांय (झांसी)। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता मऊरानीपुर ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत गुरसरांय विद्युत उपखण्ड क्षेत्र में विद्युत संविदा कर्मचारियों की भारी कमी के चलते गुरसरांय नगर और ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था बुरी तरह ध्वस्त हो गई है। 21 मई की शाम को बिजली ने लगातार झटका देने शुरू किए और रात्रि 12:00 बजे से 22 मई शुक्रवार को गुरसरांय नगर के सबसे आवश्यक क्षेत्र सरकारी अस्पताल से लेकर पश्चिमी बाजार आदि क्षेत्रों में 5:00 बजे तक बिजली गोल रही जिससे बेचैन बूढे,बच्चे, जवान भीषण गर्मी में तड़पते देखे गए।वही सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई। बताते चलें गुरसरांय विद्युत उपकेन्द्र के अंतर्गत 11 फीडर में वर्तमान में नौ संविदा कर्मचारी गुरसरांय नगर समेत ग्रामीण क्षेत्र में दिन-रात काम करते नजर आते हैं जबकि कम से कम 33 संविदा कर्मचारियों की आवश्यकता है जबकि मात्र 9 कर्मचारी ही संविदा व्यवस्था पर काम देख रहे हैं और मात्र एक अवर अभियंता तैनात है, सहायक अभियंता विद्युत उपखण्ड क्षेत्र गुरसरांय में स्थाई तौर से तैनात न होकर मऊ एसडीओ को अतिरिक्त चार्ज मिला है जिसके चलते विद्युत मॉनिटरिंग सही नहीं हो पा रही है और पूरे क्षेत्र में विद्युत की त्राहि-त्राहि मची हुई है कभी मंडी क्षेत्र में कभी बाजार में तो ग्रामीण क्षेत्रों में तो कई-कई दिनों तक बिजली सप्लाई न होने की शिकायत आ रही हैं गुरसरांय के अति आवश्यक सरकारी अस्पताल के बाहर रखे ट्रांसफार्मर से गुरसरांय अस्पताल सहित कई क्षेत्रों में बिजली कभी ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से कभी लाइन फाल्ट होने से 15-15 घंटे बिजली न मिलना विद्युत विभाग के आला अधिकारियों से लेकर प्रशासन की पोल खोल रहा है।
विधायक के प्रयास से 22 मई को सुधारी गई विद्युत लाइन फिर करने लगी हरकत
गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत को मीडिया के लोगों ने 22 मई को सुबह और दोपहर को जब गुरसरांय सरकारी अस्पताल के सामने रखें ट्रांसफॉर्मरों से विद्युत आपूर्ति न होने से अस्पताल समेत कई क्षेत्रों में 12 घंटे से अधिक समय से विद्युत ना आने की बात कही और विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग की जिस पर उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए अधिकारियों को उक्त संबंध में निर्देश देकर जल्द व्यवस्था बहाल करने के लिए कहा तब कहीं देर शाम 6:00 बजे लगभग इस क्षेत्र में बिजली व्यवस्था किसी प्रकार चालू हो सकी। नगर व क्षेत्र के लोगों ने गरौठा विधायक से जल्द से जल्द भीषण गर्मी को देखते हुए और गुरसरांय विद्युत क्षेत्र बड़ा होने के चलते जल्द से जल्द संविदा कर्मचारी कम से कम 30 तैनाती करने की मांग के साथ जल्द विद्युत व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है।
