झाँसी – पुरानी बेलाई करखा इलाके की रहने वाली रेनू सिंह ने नगर पालिका परिषद में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया है कि उनके मकान के सामने बने करीब 10 फीट चौड़े सार्वजनिक रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है।
पीड़िता का कहना है कि रास्ता बंद होने से परिवार के आने-जाने में भारी दिक्कतें पैदा हो रही हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज, झगड़ा और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत में सावित्री देवी, अशोक सेन, राजकुमार, जयप्रकाश और मयंक सेन के नाम शामिल बताए गए हैं। महिला ने दावा किया है कि पूरे विवाद के वीडियो भी मौजूद हैं, जिनमें कथित हंगामा और दबंगई साफ दिखाई दे रही है।
अब पीड़ित परिवार ने नगर पालिका प्रशासन से मौके की जांच कर अतिक्रमण हटाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि आखिर आम रास्ते पर कब्जे के इस विवाद में प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है… और पीड़ित परिवार को राहत कब मिलेगी।
