गुरसरांय(झांसी)। गुरसरांय गरौठा मार्ग पर क्षेत्र के ग्राम शीला के पास बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें एक बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार,मृतक वीरेंद्र कुमार (50 वर्ष) पुत्र गंगा प्रसाद निवासी अशोक नगर मोठ अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वह ग्राम शीला के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेंद्र कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।वहीं दूसरी बाइक पर सवार शेफ अली (22 वर्ष) पुत्र मुराद तथा शहरोज (21 वर्ष) पुत्र नवी शेर,दोनों निवासी कायमगंज,फर्रुखाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल गुरसरांय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की सूचना मिलते ही गरौठा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का प्रतीत हो रहा है।

दूसरी घटना हुई कार में 1 गंभीर रुप से घायल को भेजा झांसी मेडिकल
गुरसरांय थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक चार पहिया वाहन की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभय प्रताप सिंह (23) पुत्र लोकेंद्र सिंह निवासी ग्राम बिजोरा थाना टोडी़फतेहपुर अपने घर से गढ़वा की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह गुरसरांय थाना क्षेत्र के भरत रिसॉर्ट के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल गुरसरांय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस द्वारा मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
