गुरसरांय (झांसी)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया,जिसमें गमी में शामिल होने जा रहे दो युवकों की बाइक को सामने से आ रहे हार्वेस्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई,जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिर्वों निवासी मानवेन्द्र (27) पुत्र मोहनलाल कोरी एवं छत्रपाल (30) पुत्र शिवनंदन अहिरवार स्यावनी मऊरानीपुर किसी परिचित के यहां गमी में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम भसनेह के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार हार्वेस्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तत्काल गुरसरांय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉक्टर हरनारायण राजपूत ने मानवेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल छत्रपाल का उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
