गुरसरांय (झांसी)। गुरसरांय एवं एरच थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित ग्राम फरीदा के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया,जिसमें ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नेकेरा निवासी रामप्रकाश पुत्र जगदीश पटेल ग्राम मड़वा से अपने ट्रैक्टर से अपने घर नेकरा,थाना एरच की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह गुरसरांय और एरच थाना क्षेत्र के बॉर्डर फरीदा के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर के तीन टुकड़े हो गए और उसके परखच्चे उड़ गए।हादसे में चालक रामप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। घटना को देख राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल को संभाला और एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय भिजवाया।अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों द्वारा घायल का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उसे गंभीर चोटें आई हैं।हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित एरच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
