मोंठ (झांसी)। मोंठ थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, जौंरा गांव निवासी भैयालाल अहिरवार ने मोंठ पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि वह मंगलवार को अपने खेत की ओर जा रहा था। रास्ते में गांव के ही कुछ लोग उससे गाली-गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया।
भैयालाल का आरोप है कि गालियां देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसका एक हाथ बुरी तरह घायल हो गया। हमले में उसके कान पर भी चोट लगी और खून बहने लगा।
घटना के बाद पीड़ित ने मोंठ थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
