गुरसरांय (झांसी)। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर विधानसभा प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराना शुरू कर दिया है। विधायक ने गुरसरांय ब्लॉक में क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए बड़वार झील से लिफ्ट कैनाल निकालकर भसनेह माइनर में पानी डाले जाने की मांग की। गरौठा विधायक जवाहर राजपूत ने विधानसभा में किसानों की बात रखते हुए बताया कि ब्लाॅक-गुरसंराय में किसानों के खेतों की बुआई एवं फसलों की सिंचाई हेतु नहरों में पानी पर्याप्त मात्रा में टेल तक नहीं पहुँच पाता है। जिस कारण से किसानों की फसलें सूख जाती हैं और किसान समय पर अपने खेतों की बुआई तक नहीं कर पाते हैं। गुरसरांय ब्लाॅक में बढ़वार झील से लिफ्ट कैनाल निकालकर भसनेह माइनर में पानी डालकर 6-7 गांवों को सिंचित किया जा सकता है जो गांव सिंचित हो सकते हैं उनमें सिरवो,डोंडिया,करगुआं,नुनार चौकरी,आमली आदि गग्रामों के किसान शामिल हैं। विधायक ने बताया कि इससे किसानों के खेतों में पर्याप्त मात्रा में पानी मिल जायेगा। गुरसंराय मुख्य नहर की भसनेह माइनर के आखिरी टेल तक पानी कभी नहीं पहुंचता है। विधायक जवाहर राजपूत ने कहा कि यह प्रस्ताव सिंचाई विभाग के मुख्यालय में विचाराधीन है और अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी है। किसानों को सिंचाई करने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए गुरसरांय ब्लॉक में बड़वार झील से लिफ्ट कैनाल निकालकर गुरसरांय मुख्य नहर की भसनेह माइनर में पानी डाले जाने की मांग की।
