गुरसरांय (झांसी)। नगर पालिका गुरसरांय के वार्ड नंबर 23 में वर्षों से पाइपलाइन खुदी पड़ी है,लेकिन आज तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। जर्जर और खुदी सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। एक ओर जहां सड़क बदहाल स्थिति में है, वहीं दूसरी ओर नलों से पानी की आपूर्ति भी पूरी तरह ठप्प पड़ी हुई है। करोड़ों रुपये की जलापूर्ति योजना का लाभ वार्डवासियों को नहीं मिल पा रहा है, जिससे यह योजना सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही है। स्थानीय निवासी कुंवर रामकुमार सिंह द्वारा बताया गया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर करीब 6 दिन पूर्व संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद 9 फरवरी 2026 को शाम लगभग 4:00 बजे अवर अभियंता जल निगम एवं ठेकेदार के कर्मचारी मौके पर पहुंचे,लेकिन निरीक्षण के बावजूद न तो सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हुआ और ना ही जलापूर्ति बहाल की गई। वार्डवासियों का आरोप है कि अधिकारियों की उदासीनता के चलते जनता को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा समस्या का शीघ्र समाधान कर जनता को राहत दी जाए।
प्रार्थी ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि की गई कार्रवाई से उन्हें लिखित रूप में अवगत कराया जाए। इस संबंध में नगर के लोगों ने जिला प्रशासन व शासन से शासन हित व जनहित में जल्द बड़ी कार्यवाही की मांग की है।
