गुरसरांय (झांसी)। राज्य सरकार द्वारा नामित एवं गठित टीम ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुरसरांय का ऑनलाइन सर्वे किया। यह सर्वे मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे स्वास्थ्य केंद्र परिसर में किया गया, जिसमें केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। सर्वे टीम में शामिल दीपक यादव (मातृ स्वास्थ्य परम अर्थ दाता) एवं गौरीश राजपाल (डीईएलसी मैनेजर) ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर ऑनलाइन माध्यम से सर्वे प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत मानव संसाधन, डॉक्टरों व स्टाफ की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति, साफ-सफाई व्यवस्था,विभिन्न मशीनों की कार्यशीलता,दवा वितरण कक्ष,दवाओं की उपलब्धता,मरीजों को दी जा रही सुविधाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का बारीकी से सत्यापन किया।टीम द्वारा स्वास्थ्य केंद्र के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारियां ऑनलाइन दर्ज की गईं। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई। सर्वे के दौरान यह देखा गया कि मरीजों को समय पर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं या नहीं। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गुरसरांय डॉक्टर ओपी राठौर ने टीम को केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उनके साथ सत्येंद्र तिवारी, अनुराग गुप्ता,शरद कुमार, नमन,अशोक सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी भी उपस्थित रहे।स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के सर्वे कराए जाने से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।
