रानीपुर- नगर पंचायत रानीपुर की पुरानी सब्जी मंडी में प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। दोपहर के समय अचानक बुलडोजर पहुंचने से हड़कंप मच गया। प्रशासन एवं नगर पंचायत की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से लगाई गई फल दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, पुरानी सब्जी मंडी परिसर में वर्तमान में फल की दुकानें लगाई जा रही थीं। इस स्थान पर नगर पंचायत द्वारा नए निर्माण की योजना प्रस्तावित है, जिसके तहत यहां छह दुकानें एवं एक कार्यालय भवन का निर्माण किया जाना है। इसी कारण दुकानों को हटाकर नवीन सब्जी मंडी में स्थानांतरित करने के लिए नगर पंचायत द्वारा करीब 40 दिन पूर्व नोटिस जारी किया गया था।
बुलडोजर कार्रवाई से पहले एसडीएम न्यायिक यदुवीर सिंह ने इस कार्रवाई के कुछ दिन पहले करीब दो घंटे तक सभी दुकानदारों से वार्ता की। उन्होंने दुकानदारों को सुरक्षित रूप से अपनी दुकानों को नवीन सब्जी मंडी में स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया, जिस पर दुकानदारों ने सहमति भी जताई थी। इसके बावजूद दुकानों के न हटने पर नगर पंचायत कर्मचारियों ने जेसीबी की मदद से कार्रवाई की। इस दौरान पुरानी सब्जी मंडी में रखे गए दो खोखों को हटाया गया। एक खोखा दुकानदार स्वयं लेकर चला गया, जबकि दूसरे खोखे को जेसीबी से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। हालांकि कुछ दुकानदारों ने विरोध जताते हुए कहा कि वे कई दशकों से यहां दुकान लगाते आ रहे हैं और इस तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए थी।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई पूर्व सूचना, नियमों और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए की गई है तथा सभी प्रभावित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
