झाँसी-शहर की अयोध्यापुरी कॉलोनी में आयोजित एक भागवत कथा के दौरान चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहाँ कथा सुनने आईं चार महिलाओं के गले से शातिर महिला चोरों ने सोने की जंजीरें पार कर दीं। पीड़ित दयाशंकर व्यास ने शुक्रवार शाम 5:15 पर बताया कि उनकी पत्नी की करीब तीन तोले की सोने की जंजीर 14 जनवरी को चोरी हुई है। उनके साथ ही तीन अन्य महिलाओं की जंजीरें भी इन्हीं चोरों ने साफ की हैं। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना सदर विधायक रवि शर्मा के स्कूल के पास हुई और आरोपी महिलाएं विधायक के स्कूल के बाहर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई हैं। फुटेज में दो संदिग्ध महिलाएं वारदात को अंजाम देकर भागती हुई दिखाई दे रही हैं। पीड़ित परिवार ने विधायक रवि शर्मा से गुहार लगाई, जिस पर उन्होंने संज्ञान लेते हुए सीपरी बाजार थाना प्रभारी को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विधायक ने आश्वासन दिया है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच में जुट गई है।।
