मोंठ -कस्बे के निवासी 25 वर्षीय युवक की मध्य प्रदेश के पंडोखर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक अपनी ससुराल जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद शव पूरी रात सड़क किनारे खाई में पड़ा रहा, जिसे मंगलवार सुबह राहगीरों ने देखा।
जानकारी के अनुसार मोंठ निवासी आशीष सोमवार शाम अपनी बाइक से मध्य प्रदेश के थाना पंडोखर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मैथाना स्थित ससुराल जाने के लिए निकला था। उसने घर पर किसी को इसकी सूचना नहीं दी थी, जिससे परिजनों को लगा कि वह किसी काम से बाहर गया है।
बताया गया कि ससुराल से करीब दो किलोमीटर पहले किसी अज्ञात वाहन ने आशीष की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष बाइक सहित सड़क किनारे खाई में जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
अंधेरा होने के कारण रात भर किसी की नजर दुर्घटनास्थल पर नहीं पड़ी। मंगलवार सुबह राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
