गुरसरांय (झांसी)। एरच थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम इसकिल में शनिवार देर रात 11:30 बजे एक युवक की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गोविंददास उम्र लगभग 30 वर्ष पुत्र जानकी निवासी कुडार थाना सेंदरी जिला निवाड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने परिवार के साथ अनिल पटेल के यहां मूंगफली की फसल उखाड़ने के लिए इसकिल गांव में आया हुआ था रात में किसी बात को लेकर गोविंद दास का संजय पुत्र महेश से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संजय ने गोविंद दास के सिर पर कुल्हाड़ी से बार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय ले गए। जहां डॉक्टर रजनीश यादव,डॉक्टर रवि कुमार ने जांच के बाद गोविंददास को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रविवार सुबह करीब 11:00 बजे क्षेत्राधिकारी गरौठा असमा वकार,प्रशिक्षु थानाध्यक्ष एरच दीपशिखा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। बताते चलें मृतक और दूसरा पक्ष आदिवासी मजदूर थे और बड़ी संख्या में ग्राम इसकील में मुंगफली आदि खेती किसानी की मजदूरी के लिए 4 अक्टूबर शनिवार को इसकिल आए हुए थे जिसके चलते किसी बात को लेकर मृतक गोविंद दास का संजय से विवाद हो गया था और संजय ने गोविंद दास पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर दिया था जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
