संवाददाता – नीलेश एनकेडी
मोठ। कस्बे में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को क्षेत्राधिकारी अजय श्रोत्रीय ने कोतवाल अखिलेश द्विवेदी एवं पुलिस बल के साथ कस्बे के प्रमुख मार्गों पर पैदल गश्त करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया।
सीओ व कोतवाल ने बाजार, मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दुकानदारों व राहगीरों से संवाद किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई और वाहनों के कागजात भी चेक किए गए।
क्षेत्राधिकारी ने पुलिस टीम को सतर्क रहने, कस्बे में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों पर कस्बे की शांति और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं कोतवाल अखिलेश द्विवेदी ने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
