संवाददाता – नीलेश एन.के.डी
मोंठ कस्बे में सोमवार दोपहर एक समूह सखी का बैग अज्ञात चोर उड़ा ले गए। बैग में लगभग 24,600 रुपये नकद रखे हुए थे। पूरी घटना बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम रेव निवासी राखी बुंदेला स्वयं सहायता समूहों के लेन-देन का कार्य देखती हैं। सोमवार को आयोजित ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के बाद वह रुपये जमा करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा पहुंचीं। उन्होंने बैग में 24,600 रुपये रखे हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समूह सखी रुपये जमा करने से पहले बैंक के अंदर खड़ी होकर कुछ कागजी काम निपटा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात चोर मौका देखकर बैग उठा ले गया। जब तक लड़की को इस घटना का एहसास हुआ तो उनका बैग गायब हो चुका था।
सूचना मिलते ही मोंठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक बैग उठाकर भागते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है।
