गुरसरांय (झांसी)। गुरसरांय में मुहर्रम का त्योहार पूरे अकीदत और गमगीन माहौल के बीच मनाया गया। इस अवसर पर क़स्बा गुरसरांय के बिभिन्न मुहल्लों से ताजिये निकाले गए और इमाम हुसैन की शहादत को याद कर लोगों ने अखाडा खेलकर हैरतअंगेज करतब दिखाए। मुहर्रम,इस्लामिक कैलेंडर का पहला महीना है, जिसे विशेष रूप से सुन्नी मुस्लिम समुदाय द्वारा शोक के रूप में मनाया जाता है। यह दिन पैग़ंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन और उनके साथियों की करबला में दी गई कुर्बानी की याद में मनाया जाता है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इमाम हुसैन की याद में मातम किया। दुआएं मांगीं और ताजिये के साथ जुलूस निकालकर शहादत को सलाम पेश किया। इस मौके पर पेश इमाम शहाबुद्दीन सिद्दीकी ने तबर्रुक प्रसाद वितरित किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर गरौठा सुनील कुमार,डिप्टी एसपी गरौठा असमा वकार,थानाध्यक्ष गुरसरांय इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पाण्डेय सहित भारी प्रशासन व पुलिस बल मौजूद रहा और पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्वक और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हुआ। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष जयपाल सिंह चौहान,श्रीराम सेवा समिति के अध्यक्ष सतीश चौरसिया,इकराम खान,शौकीन खान,नजीर माते,सलमान खान,अमीन,सोनू खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
