झाँसी में मंडल खेलकूद संघ, उत्तर मध्य रेलवे, के तत्वावधान में फिट इंडिया मिशन के अंतर्गत संडे ऑन साइकिल (Sundays on Cycle) पहल को बढ़ावा देते हुए आज झांसी रेल मंडल द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से रेल सुरक्षा बल कार्यालय (पूर्व टी ए कार्यालय) तक एक विशेष साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली ‘फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा द्वारा किया गया। फिट इंडिया मिशन के महत्व पर बल देते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि फिट रहने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग साइकिल चलाए। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा साल 2019 में फिट इंडिया का नारा दिया था। आज सुबह इतनी बड़ी संख्या में लोगों का एकत्रित होना यह दर्शाता है कि हम सब स्वास्थ्य के प्रति सजग हैं। अब यह अभियान एक मिशन बन चुका है। साइकलिंग हमारे स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव डालने के साथ ही पर्यावरण पर भी अच्छा प्रभाव डालता है। साइकिल हर आय और आयु वर्ग के लिए उपलब्ध है।
प्रतिभागियों ने सुबह की ताजगी भरी हवा में साइकिल चलाते हुए ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ भारत’ का संदेश दिया। इसे फिट इंडिया मिशन को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प को भी दोहराया। इस आयोजन के माध्यम से न केवल फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाई गई, बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिला।
