हमीरपुर जनपद की राठ कोतवाली परिसर में आज रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे बकरीद पर्व को मद्देनजर रखते हुए पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। आयोजित पीस कमेटी की बैठक में नगर के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम, सीओ व कोतवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी गण भी मौजूद रहे। इस दौरान नगर के लोगों ने बकरीद पर्व को लेकर तमाम सुझाव प्रसाशनिक अधिकारियों के समक्ष रखे। तथा कुर्बानी वाली जगहों पर साफ सफाई की व्यवस्था और नगर पालिका की ओर से कूड़ा उठाने वाली गाड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने की मांग की। बता दें कि राठ नगर में तीन जगह जिसमें बजरिया में कसौड़ा व फरसौलियाना में बड़ा कसौडा साहित्य बड़ी जुल्हैटी में यतीमखाने में कुर्बानी दी जाती है। इस दौरान उप जिलाधिकारी अभिमन्यु कुमार ने सख्त दिशा निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी कतई न दी जाए। तथा कुर्बानी खुले में भी नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने अराजकतत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक पोस्ट ना डाली जाए। उन्होंने नगर के सभी लोगों से शांतिपूर्ण, सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहारों को मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
