जालौन। ग्राम छिरिया सेलमपुर में खलिहान की आराजी संख्या 387 पर वर्षों से बंद पड़ी इंडो ब्रिटिश बैंक की इमारत अब अवैध कब्जाधारियों के कारण सामाजिक कार्यों के लिए बंदी बनी हुई है। यह भवन हमेशा से गरीब तबके के परिवारों की बेटियों के विवाह जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक आयोजनों के लिए उपयोग होता था, लेकिन अब प्रधान प्रतिनिधि के चाचा प्रदीप कुमार तिवारी उर्फ दिवोले पुत्र लालजी तिवारी समेत अन्य दबंगों ने इस पर जबरन कब्जा कर भूसा भरकर तालेबंदी कर दी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कब्जाधारियों ने खुलकर कहा कि उनका रसूखदार भाई अधिकारी है और कोई उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इससे ग्राम के गरीब लोगों को अपने सामाजिक आयोजनों के लिए जगह नहीं मिल पा रही, साथ ही सरकारी संपत्ति का भी दुरुपयोग हो रहा है।
सूत्रों सें ग्रामीण रमेशचंद्र, राजेंद्र सिंह और मोहन ने थाना समाधान दिवस पर जिलाधिकारी जालौन को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि अवैध कब्जा हटाकर बैंक भवन को पुनः ग्राम समाज के सामाजिक उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाए। यह मामला न केवल ग्रामवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय बन गया है।
