कोंच/जालौन। पहली पत्नी से छिपकर दूसरी शादी रचा रहे युवक पर उस समय शामत आ गयी जब पहली पत्नी विवाह घर में पहुंच गयी और शादी की चल रहीं रस्मों के बीच हंगामा काटने लगी। यह नजारा देख दुल्हन पक्ष के लोग सकते में आ गए और उन्होंने अपनी बेटी की विदा करने से साफ़ मना कर दिया। मामला कोतवाली पहुंच गया जिसके बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच चली पंचायत में तय हुआ कि दुल्हन पक्ष द्वारा शादी में जो दान दहेज दिया गया है वह सारा वापस कर दिया जाये। पहली पत्नी अपना हक पाने के लिए कोतवाली में बैठी हुई है। मुहल्ला गोखले नगर कोंच निवासी प्रभुदयाल सुहाने के पुत्र प्रभाकर की सगाई करीब 2 माह पहले थाना बरूआसागर निवासी जयनारायण नगरिया की बेटी ज्योति से तय हुई थी। दोनों की शादी 10 मई की रात आशीर्वाद होटल कोंच से हो रही थी। जयमाला और भाँवरें होने के बाद सुबह करीब 9 बजे कलेवा की रश्म चल रही थी तभी खुद को दूल्हा प्रभाकर की पहली पत्नी बताते हुए नेहा प्रजापति अपने साथ 2 छोटे बच्चों को लेकर विवाह स्थल पर पहुंच गयी और हो रही इस शादी का विरोध कर हंगामा काटने लगी। नेहा के अनुसार विवाह घर में प्रभाकर की बहिनों सहित परिजनों ने उसे पागल महिला बताते हुए उसके साथ धक्का-मुक्की कर मारपीट की और विवाह घर से बाहर निकाल दिया ताकि दुल्हन पक्ष के लोगों को सच्चाई का पता न चल सके। दुल्हन पक्ष के लोगों ने जब नेहा से पूरा माजरा समझा तो उनके पैरों तले की जमीन खिसक गयी और उन्होंने बेटी की विदा करने से साफ़ इंकार कर दिया। परिजन दुल्हन को विवाह घर से बाहर लेकर निकल लिए जबकि नेहा सीधे कोतवाली जा पहुंची। दुल्हन पक्ष द्वारा बेटी की विदा करने से इंकार कर दिए जाने पर घन्टों पंचायत चली जिसमें तय हुआ कि दुल्हन पक्ष द्वारा जो दान दहेज दिया गया है वह सारा वापस कर दिया जाये और अब य़ह शादी नहीं होगी। कोतवाली में न्याय पाने के लिए नेहा अभी भी बैठी हुई है। उसने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया है। नेहा ने बताया कि बीते करीब 8 साल से उसके प्रभाकर से संबंध हैं और काली माता मंदिर से प्रभाकर ने उससे शादी रचाई थी। घुसिया निवासी पति देवेंद्र की मौत हो जाने के बाद से वह कांशीराम कॉलनि में अपने 2 बच्चों के साथ रहती है, इनमें से एक बच्चा प्रभाकर से हुआ है। बच्चे के आधार कार्ड से लेकर स्कूली प्रपत्रों भी पिता का नाम प्रभाकर के रूप में अंकित है। नेहा ने बताया कि प्रभाकर उससे छिपकर दूसरी शादी कर रहा था। नेहा ने कहा कि वह पति प्रभाकर के साथ बच्चों सहित उसके घर पर रहना चाहती है।
