गुरसरांय (झांसी)।क्षेत्र में आज हुई झमाझम बारिश के कारण क्षेत्र का मौसम नैनीताल की तरह सुहाना हो गया है। झमाझम बारिश से वहीं क्षेत्र के लोगों को भीषण गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है। मौसम का मिजाज आज सोमवार को दोपहर में अचानक बदल गया। तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे जिससे मौसम सुहाना रहा। पारा लुढ़ककर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ पहुंचा। वहीं बारिश से लोगों के चेहरे भी खिल उठे हैं।आज अचानक दिन में ठंडी तेज हवा के साथ काले बादलों ने आसमान में डेरा डाल रखा था। सोमवार की सुबह को मौसम साफ नजर आया और दोपहर में देखते ही देखते आसमान में बादल मंडराने लगे इसके साथ-साथ बिजली की चमक के बीच बादल झूमकर बरसने लगे बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया मानसून आने से पहले पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी पर लगाम लगी और क्षेत्र में झमाझम बारिश होने लगी क्षेत्र में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और हवाएं चलती रही जिससे लोगों को भीषण गर्मी में राहत मिली।
