जनपद झांसी के कस्बा मोंठ के समीप खेतों में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मोंठ थाना प्रभारी अखिलेश कुमार द्विवेदी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लेकिन आसपास के अन्य स्थानों पर भी आग लगी होने के कारण दमकल विभाग की मदद देर से पहुंच पाई।

इस दौरान खेतों में रखी पराली और दर्जनों हरे-भरे तथा फलदार पेड़ जलकर खाक हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एक ग्रामीण के मकान की छत पर रखा ईंधन भी जल गया। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती जा रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग, पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग कस्बे तक नहीं पहुंची, वरना यह छोटी सी घटना एक बड़ी आपदा का रूप ले सकती थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने पराली जलाने के दौरान लापरवाही बरती, जिससे यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
