झांसी. मोंठ और गुरसरांय क्षेत्र के सैकड़ों गांव को जोड़ने वाले खिरियाघाट पुल निर्माण के कार्य ने तेजी पकड़ ली है. गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने खिरियाघाट पुल निर्माण का निरीक्षण किया है. पिछले दिनों गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने खिरियाघाट पुल निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया था. शासन ने बेतवा नदी पर बनने वाले इस पुल के निर्माण के लिए 93.56 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति देकर प्रथम किश्त के रूप में 33 करोड़ रुपये जारी किए थे और अब निर्माण कार्य में तेजी बनाये रखने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 23.32 करोड़ रुपये और जारी कर दिए हैं. पुल निर्माण के लिए सेतु निगम को लगभग 56 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है.
दरअसल, देश की आजादी के बाद से ही गरौठा विधानसभा क्षेत्र के लिए बेतवा नदी गांव-कस्बों व मुख्यालय को जोड़े रखने में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई थी. इसी को देखते हुए गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने मोंठ और गुरसरांय क्षेत्र के सैकड़ों गांव को जोड़ने वाले खिरियाघाट के पुल निर्माण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पैरवी की. पुल का मुद्दा विधानसभा में उठाया. इसी के बाद शासन ने खिरियाघाट पुल निर्माण के लिए 93 करोड़ की स्वीकृति देकर 33 करोड़ धनराशि प्रथम किश्त के रूप में जारी कर दी. गरौठा विधायक ने प्रमुख सचिव राजेश चौहान से मुलाकात कर पुल निर्माण को जनहित में तेजी से पूरा कराने का अनुरोध किया था जिस पर प्रमुख सचिव ने डेढ़ साल में खिरियाघाट पुल का निर्माण पूर्ण कराने का आश्वासन दिया था. इसी के साथ विधायक राजपूत ने बेतवा नदी पर पुल निर्माण का भूमिपूजन कर बरसात के पहले तेजी से ज्यादा से ज्यादा कार्य निपटाने के निर्देश दिए थे ताकि बारिश के समय बेतवा नदी में उफान निर्माण कार्य में बाधा न डाल सके. गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने बताया कि खिरियाघाट पुल के लिए 33 करोड़ के बाद 23 करोड़ रुपये की धनराशि और जारी हो गई है. पुल निर्माण के लिए अब तक लगभग 56 करोड़ रुपये की धनराशि सेतु निगम को दी जा चुकी है. विधायक राजपूत ने कहा कि सेतु निगम तेजी से निर्माण कार्य करने में लगा है. बेतवा नदी के बीच 10 से 12 पिलर पर तेजी से काम चल रहा है. विधायक ने कहा क्षेत्र के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण पुल है और इसके निर्माण में धन की शासन स्तर से कोई कमी नहीं होने दी जाएगी. विधायक ने कहा कि मोंठ, गरौठा और टहरौली के कई इलाकों को जोड़ने में बेतवा नदी पर बना पुराना रपटा विकास में सबसे बड़ी बाधा बनता रहा है. इसे देखते हुए हमने लगातार शासन स्तर पर यहां की समस्या को उठाया. अब जब यह पुल बन जाएगा तो बरसात के समय जो रास्ता कट जाता था, और लोगों को परेशानी होती थी उससे लोगों को राहत मिल जाएगी. इसके बनने से टहरौली, मोंठ और गरौठा क्षेत्र के सैकड़ों गांव कस्बों को फायदा होगा. गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि खिरियाघाट पुल जब बनकर तैयार होगा तो ये ना सिर्फ आपके गांव की, घर की दूरी घाटाएगा बल्कि व्यावसायिक तरक्की के रास्तों को भी खोलेगा. व्यापार की दृष्टि से यह बेहद उपयोगी साबित होगा. किसानों को लिए मंडी तक, मुख्यालय तक पहुंचना आसान बनाएगा. इसके बनने से विद्यार्थी स्कूल कॉलेज समय पर पहुंचेंगे, अस्पतालों तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा. हमारी कोशिश है कि इसका काम तेजी से हो. इसके निर्माण में उत्तर प्रदेश सरकार 93 करोड़ खर्च कर रही है. भाजपा सरकार प्रदेश भर में जनता के हित में लगातार विकास के एजेंडे को आगे बढ़ा रही है. बीते 8 साल के कार्यकाल में मैं भी अपने संकल्पों को पूरा करने की कोशिश कर रहा हूं।
