कोंच/जालौन। कोंच ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुनाया में प्रधान के रिक्त चल रहे पद पर उपचुनाव के लिए जारी निर्वाचन प्रक्रिया के तहत बुधवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान प्रक्रिया संपन्न हुई। कुल 1449 मतदाताओं में से 874 मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान पूरा होने के बाद प्रत्याशी दिलीप कुमार और मानवेंद्र का भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया है। गाँव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में मतदान के लिए 2 बूथ बनाये गये थे। कक्ष संख्या 1 बूथ संख्या 64 में पीठासीन अधिकारी मनोज कुमार की देखरेख में वार्ड 1 से लेकर 5 तक के कुल 711 महिला पुरुष मतदाताओं में से शाम 5 बजे तक 421 और कक्ष संख्या 2 बूथ संख्या 65 में पीठासीन अधिकारी देवेंद्र कुमार की देखरेख में वार्ड 6 से लेकर 11 तक के कुल 738 महिला पुरुष मतदाताओं में से 453 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतदान समाप्ति के बाद एसडीएम ज्योति सिंह, सीओ डॉ देवेंद्र पचौरी और नायब तहसीलदार शादउल्ला ने मतपेटियां सील कराकर स्ट्रॉन्ग रूम खंड विकास कार्यालय के लिए पोलिंग पार्टी के साथ रवाना करायी। मतदान में सुरक्षा व्यवस्था के लिए थानाध्यक्ष कैलिया राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल मतदान स्थल पर डटा रहा। 21 फरवरी को सुबह 8 बजे से खंड विकास कार्यालय में मतगणना सम्पन्न की जाएगी।
