बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
उरई/जालौन। झांसी से आई एंटी करप्शन (एसीबी) टीम ने पीडब्ल्यूडी विभाग के एक कैशियर को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, इस गिरफ्तारी से पीडब्ल्यूडी विभाग में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन टीम कैशियर को गिरफ्तार करने के बाद उरई कोतवाली ले आई, जहां उसके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए जेल भेजा जा रहा है।
मामला उरई कोतवाली के पीडब्ल्यूडी प्रथम कार्यालय का है। बताया गया कि औरैया के फफूंद के एक ठेकेदार विजय कुमार की कंपनी सपना बिल्डर्स को 2015-16 में जालौन में 3.14 करोड़ रुपए का सड़क निर्माण का काम मिला था। काम पूरा होने के बाद ठेकेदार की रिटेंशन मनी और डिपॉजिट की वापसी अटकी हुई थी। जब ठेकेदार ने पीडब्लूडी के अकाउंटेंट आदर्श सिंह से संपर्क किया, तो उन्होंने कैशियर संजीव साहनी से मिलने को कहा। कैशियर संजीव साहनी ने भुगतान के लिए 20 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एसीबी से की। एसीबी ने ट्रैप लगाया और मंगलवार दोपहर करीब 12:08 बजे पीडब्लूडी के निर्माण खंड प्रथम उरई कार्यालय में कैशियर संजीव साहनी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
एंटी करप्शन की टीम में निरीक्षक ठाकुर दास, निरीक्षक चतुर सिंह, सूर्मेन्द्र प्रताप सिंह मो० आरिफ, इरशाद खां, राहुल कुशवाहा, ओमकार सिंह, जितेन्द्र सिंह, शिवम गुप्ता, राहुल उपाध्याय, मनोज कुमार पाल, शंकर लाल शामिल थे।टीम ने बताया कि आरोपी कैशियर संजीव कुमार साहनी उरई के नया पटेल नगर का रहने वाला है। पुलिस ने उरई कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
